वृश्चिक राशि वाले अपने काम के प्रति काफी प्रतिबद्ध किस्म के होते हैं। दोस्ती के मामले में ये काफी बेहतर होते हैं, लेकिन ये स्वभाव से थोड़े जुनूनी और क्रूर भी होते हैं। ऐसे में इनके साथ व्यवहार में सावधानी बरतने की जरूरत होती है. हालांकि, अपने करीबी लोगों के लिए ये काफी सहयोगी होते हैं। वृश्चिक राशि को जल तत्व की राशि माना गया है। इनका प्रेम संबंध कुछ खास होता है। इन्हें प्रेम के बदले प्रेम की इच्छा होती है। खास बात यह है कि ये अपनी उपेक्षा सहन नहीं कर पाते हैं।
वृश्चिक राशि के लोगों के लिए वर्ष की शुरुआत में देवगुरु आपके छठे भाव में मार्गी हो जाएंगे। देवगुरु बृहस्पति के मार्गी होने से साल की शुरुआती 4 महीना में आपको अपनी नौकरी में अच्छा मान सम्मान प्राप्त होगा। आपके शत्रु परास्त होंगे। आपकी सैलरी बढ़ सकती है। इसके अलावा विदेश यात्राओं से आपको लाभ होगा। कुल मिलाकर देवगुरु बृहस्पति का आर्शीवाद आपके जीवन को खुशियों से भरने का काम करेगा और आप प्रसन्न रहने वाले है।
शनिदेव, वृश्चिक राशि के लोगों के लिए पूरे वर्ष चौथे भाव में गोचर करेंगे और पंच महापुरुष राजयोग में से एक शश राजयोग का निर्माण करेंगे। शनिदेव के इस गोचर से वृश्चिक राशि के जातकों को बहुत अत्यधिक सफलता प्राप्त होगी। इस दौरान न सिर्फ आप अपनी पैतृक संपत्ति से लाभ प्राप्त करेंगे बल्कि आपको कार्यस्थल पर भी बहुत अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। खास तौर से वह जातक जो राजनीति से जुड़े हुए हैं उन्हें शनिदेव की कृपा से बहुत बेहतरीन सफलता प्राप्त होगी।
14 अप्रैल को सूर्य देव अपनी उच्च राशि मेष में प्रवेश करेंगे और 12 वर्ष के बाद देवगुरु बृहस्पति के साथ छठे भाव में युति करेंगे। जब छठे भाव में गुरु और सूर्य की युति का निर्माण होगा तो आपके लिए एक विशेष राजयोग निर्मित हो जाएगा। ऐसे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे जातकों को सफलता प्राप्त हो सकती है। इंटरव्यू में आपका चयन हो सकता है। प्रशासनिक सेवा में आपको नियुक्ति दी जा सकती है. इसके अलावा जो सरकार से जुड़कर काम कर रहे हैं उन लोगों को अत्यधिक आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। शिक्षक वर्ग को अत्यधिक प्रसिद्धि प्राप्त होगी।
वृश्चिक राशि के लोगों के लिए साल 2024 में एक बड़ा परिवर्तन तब होगा जब देवगुरु बृहस्पति 1 मई को आपके सप्तम भाव में गोचर करेंगे यानी की वृष राशि में गोचर करेंगे। गुरु का यह गोचर आपके लिए किसी वरदान से काम नहीं होगा क्योंकि बृहस्पति की सप्तम दृष्टि आपके प्रथम भाव पर होगी। आपके वैवाहिक जीवन में जितनी भी कठिनाइयां थी वह दूर हो जाएगी। आपके व्यापार में वृद्धि होगी। आपके आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होगी और आपके परिवार और समाज में आपको भरपूर मान सम्मान प्राप्त होगा। मई के महीने के बाद देव गुरु बृहस्पति का सप्तम में गोचर होगा, जिनका विवाह नहीं हुआ है उनका विवाह भी तय हो सकता है।
वृश्चिक राशि के लोगों के लिए साल 2024 की शुरुआत में करियर के लिहाज से कुछ बड़े परिवर्तन दिखाई पड़ रहे हैं ऐसे में आपको अपने ऑफिस में किसी बड़े प्रोजेक्ट को लीड करने के लिए कहा जा सकता है। इसके अलावा आपको पदोन्नति भी जा सकती है। अगर आप अपनी नौकरी बदलना चाह रहे हैं तो शनि देव की कृपा से आपको एक अच्छी नौकरी भी प्राप्त हो सकती है। देवगुरु बृहस्पति की दशम भाव पर दृष्टि साल की शुरुआती 4 महीने कार्य की सुविधा प्रदान करेगी। 15 मार्च को आपके चौथे भाव में शनि और मंगल की युति होगी। 23 अप्रैल तक मंगल कुंभ राशि में ही विराजमान रहेंगे। ऐसे में मंगल और शनि की चौथे भाव में युति आपके लिए थोड़ी कष्ट कारक साबित हो सकती है इस अवधि में कष्ट में बढ़ोतरी संभव है। आपको अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखना होगा।
राहु पूरे 2024 पंचम भाव में गोचर करेंगे। पंचम भाव शिक्षा का भाव है शुभ स्थान है। ऐसे में यहां राहु का गोचर कष्टकारी साबित हो सकता है। राहु और शनि का संयुक्त प्रभाव आपके प्रथम भाव पर भी आ रहा है। ऐसे में छात्र वर्ग के लिए राहु का यह गोचर बड़ी परेशानियां खड़ी करने वाला होगा। अध्ययन में बाधा आ सकती हैं। शुक्र 31 मार्च को अपनी उच्च राशि मीन राशि में प्रवेश करेंगे और अत्यधिक बलवान हो जाएंगे। शुक्र की युति मीन राशि में राहु से होगी और 24 अप्रैल तक शुक्र इसी भाव में यानी की पंचम भाव में विराजमान रहेंगे। राहु और शुक्र की पंचम भाव में युति आपको स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां दे सकती है। इस समय आपको अपच संबंधी परेशानियों में वृद्धि दिखाई देगी।
केतु पूरे वर्ष कन्या राशि में यानी कि एकादश भाव में गोचर करेंगे। इस भाव में केतु का गोचर आपके लिए बहुत ही शुभ कहा जा सकता है। केतु की कृपा से वृश्चिक राशि के जातकों को पूरे साल अच्छा लाभ होगा। आपके साहस और पराक्रम में वृद्धि होगी। आपके लेखन में निखार आएगा। सिनेमा जगत में काम कर रहे लोगों को अच्छा मान सम्मान प्राप्त होगा। जनसंचार से जुड़े लोगों को बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। अगर आप रिसर्च से जुड़े हैं तो आपको अच्छी सफलता प्राप्त हो सकती है। कुल मिलाकर केतु का गोचर आपके जीवन में पूरे वर्ष लाभ की वृद्धि करने वाला होगा।
नोट - उपर्युक्त दिया गया फल वृश्चिक राशि के लोगों के लिए सामान्य फल है परन्तु प्रत्येक व्यक्ति के लिए विशेष फल उसकी कुंडली में अन्य ग्रहो की स्थिति पर भी निर्भर करेगा |